
जालंधर (योगेश सूरी) : चंडीगढ़ के प्रशासक व पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया आज शनिवार अमृतसर पहुंच रहे हैं। ये उनका पहला अमृतसर दौरा है। गवर्नर कटारिया के साथ मुख्यमंत्री भगवंत मान भी होंगे। दोनों एक साथ श्री हरिमंदिर साहिब में नतमस्तक होंगे। गौरतलब है कि सोमवार से गवर्नर कटारिया की तरफ से बुलाया गया पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। गवर्नर कटारिया की तरफ से बुलाया गया ये पहला मानसून सत्र है। पंजाब गवर्नर कटारिया ने इसी साल 31 जुलाई को पदभार संभाला था। जिसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान से भविष्य के संबंधों के बारे में पूछा गया तो उनका जवाब था, ये समय बताएगा। इसके बाद गवर्नर कटारिया की तरफ से विभिन्न विभागों के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक पर भी काफी बवाल हुआ था। विपक्ष ने निशाना साध इसे मुद्दा बनाने का प्रयास तो किया, लेकिन गवर्नर व मुख्यमंत्री शांत रहे।