
जालंधर (हितेश सूरी) : रोजाना बढ़ रही महंगाई से आम जनता परेशान हो चुकी है। महंगाई में रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल तक सभी चीजों के दाम बढ़ते जा रहे है। इसी के चलते आज सैंट्रल हलके के MLA बेरी व जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के प्रधान बलदेव सिंह देव के नेतृत्व में युवा कांग्रेसियों ने केन्द्र सरकार के विरुद्ध साइकिल रैली निकालकर रोष-प्रदर्शन किया। जालंधर यूथ कांग्रेस के प्रधान अंगद दत्ता , जालंधर कैंट यूथ कांग्रेस के महासचिव सहज छाबड़ा व जालंधर कैंट यूथ कांग्रेस के प्रधान रणदीप संधू की देख-रेख में शहर के युवाओं ने साइकिल चलाकर मोदी सरकार के विरुद्ध रोष प्रदर्शन किया गया। युवा कांग्रेसियों ने कंपनी बाग़ चौक से लेकर कांग्रेस भवन से होते हुए बस स्टैंड तक साइकिल रैली निकाली। इस अवसर पर जालंधर कैंट यूथ कांग्रेस के महासचिव सहज छाबड़ा ने महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया। श्री छाबड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अडानी और अंबानी के हाथों गिरवी रख दिया है। उन्होंने कहा कि भारत में रोज़ पैट्रोल-डीजल के दाम आम जनता को रुला रहे है , इसी के चलते आम जनता के लिए अब साइकिल चलाने की नौबत आ गयी है। श्री छाबड़ा ने कहा कि महंगाई बढ़ने की वजह से दूध , गैस सिलेंडरों व अन्य जरुरी वस्तुओं के दाम बढ़ते जा रहे है। इस मौके पर यूथ कांग्रेस सैंट्रल हल्के के महासचिव चिराग सिक्का ने रोष-प्रदर्शन में शामिल हुए सभी गणमान्यों का धन्यवाद किया।