
जालंधर (हितेश सूरी) : देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने एक नया विशेष अभियान शुरू किया है , जिसके तहत परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा आम जनमानस को साथ लेते हुए 15 अगस्त, 2021 को पंजाब के 2500 गांवों में तिरंगा झण्डा लहराया जायेगा। बता दे इस विशेष अभियान हेतु विद्यार्थी परिषद् ने प्रांत स्तर पर टीम का गठन किया है, जिसके प्रदेश संयोजक के नाते अरमानजोत बरार रहेंगे तथा प्रदेश सह-संयोजक के नाते राजकरण सिंह गिल, मनमीत सोहल, योगेश शर्मा, जसकरण भुल्लर, बारीश बहल, पारस अग्रवाल, मनीष चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के प्रदेश सह-मंत्री अरमानजोत बराड़ ने कहा कि देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए असंख्य वीरों ने स्वतंत्रता संग्राम में संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुतियां दी थी , जिसके परिणामस्वरूप स्वतंत्र भारत का स्वप्न साकार हुआ।
उन्होंने कहा कि इन सभी बलिदानों को याद करते हुए आजादी के 75 वर्षों का एहसास देश के लिए ऐतिहासिक पर्व है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के आंदोलन में पंजाब का भी विशेष योगदान रहा है इसलिए हम सभी का यह दायित्व बनता है कि हम अपने राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास, स्वाभिमान तथा बलिदान की परंपराओं से अपनी नई पीढ़ी को अवगत करवाएं। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक गांव में वहां के स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एक सार्वजनिक स्थान तय करते हुए वहां पर तिरंगा फहराएंगे और साथ ही सामूहिक राष्ट्रीय गान गाया जाएगा तथा भारत मां के जयघोष के साथ महान बलिदानों को याद करते हुए भारत माता के वीर सपूतों को याद किया जाएगा। यह कार्यक्रम पंजाब के 2500 गांवों में एक ही समय पर शुरू होगा जिसका समय प्रातः 10:00 बजे निर्धारित किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रत्येक गांव के पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों के परिवार तथा प्रत्येक आम नागरिक को आमंत्रित किया जायेगा।