अब फिर अमेरिका से अवैध प्रवासी भारतीयों को लेकर दो विशेष विमान इस दिन पहुंचेंगे अमृतसर, सीएम मान बोले- पंजाब में अवैध अप्रवासियों के विमान उतारना गलत

जालंधर (न्यूज़ लिंकर्स ब्यूरों) : अमेरिका से अवैध अप्रवासी भारतीयों का दूसरा बैच कल यानी शनिवार की रात 10 बजे पंजाब के अमृतसर पहुंचेगा, जिसमे 119 भारतीय हैं। विमान में पंजाब के 67 और हरियाणा के 33 लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 16 फरवरी को भी रात 10 बजे एक विमान अप्रवासी भारतीयों को लेकर आएगा। आपको बता दे कि 5 फरवरी को अमेरिकी सैन्य विमान सी-17 से 104 भारतीयों को अमृतसर पहुंचाया गया था। ऐसा पहली बार हुआ है कि अमेरिका ने अप्रवासियों को भेजने के लिए सैन्य विमान का इस्तेमाल किया। प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक साल 2023 तक अमेरिका में करीब 7 लाख से ज्यादा अवैध प्रवासी भारतीय हैं। अमेरिका में अवैध प्रवासियों से डील करने वाली सरकारी संस्था (ICE) के मुताबिक पिछले 3 सालों में अवैध रूप से घुसने की कोशिश में औसतन 90 हजार भारतीय नागरिकों को पकड़ा है। इन अप्रवासियों का एक बड़ा हिस्सा पंजाब, गुजरात और आंध्र प्रदेश से आ रहा है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद की शपथ लेते ही एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन करके अवैध अप्रवासियों की एंट्री बैन करने का ऐलान किया था। उन्होंने चुनाव कैंपेन में भी अवैध अप्रवासियों को देश से निकालने का वादा किया था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का मानना है कि दूसरे देशों से लोग अमेरिका में अवैध तरीके से घुसकर अपराध करते हैं तथा यहां नौकरियों के बड़े हिस्से पर अप्रवासियों का कब्जा है और ऐसे में अमेरिकी लोगों को नौकरी नहीं मिलती। उन्होंने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले कानून ‘लैकेन रिले एक्ट’ पर साइन किए। इस कानून के तहत फेडरल अधिकारियों को उन अवैध अप्रवासियों को हिरासत में लेकर डिपोर्ट करने का अधिकार है, जो किसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
पंजाब में अवैध अप्रवासियों के विमान उतारना गलत : सीएम भगवंत मान
अमृतसर में पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने प्रेस वार्ता दौरान कहा कि पंजाब में अवैध अप्रवासियों के विमान उतारना गलत है, यह पंजाब को बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि जो लोग गैरकानूनी तरीके से अमेरिका गए थे, उन्हें डिपोर्ट किया जा रहा है। सीएम मान ने कहा कि पहले भी जो लोग डिपोर्ट हुए थे, उनमें अलग-अलग प्रदेशों के लोग थे, फिर विमान अमृतसर में क्यों उतारे जा रहे हैं। इस दौरान पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने अवैध भारतीय प्रवासियों को लाने वाले अमेरिकी विमान के पंजाब में उतरने पर कई बड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करके केंद्र सरकार पंजाब को बदनाम करना चाहती है। वित्त मंत्री ने कहा कि वह प्लेन को गुजरात, हरियाणा या दिल्ली में क्यों नहीं उतरवाते।